ब्रेकिंग :दरभंगा में बेखौफ अपराधियों का तांडव: निमेठी चौक के पास युवक को मारी दो गोलियां, इलाके में दहशत

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना निमेठी चौक से आगे आरा मिल के समीप रात करीब 8:50 बजे हुई। अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गांव लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक को दो गोलियां लगने के बाद अपराधी मौके से बहेड़ी की ओर फरार हो गए।युवक को जहां गोली मारी गई हे ,कुछ साल पहले इसी घटनास्थल पर नगर निगम कर्मी अनिल सिंह को अपराधियों ने गोलियों से उसे भून दिया था और अस्पताल ले जाने के क्रम में ही उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी चिकित्सा जारी है। घायल की पहचान निमेठी गांव निवासी स्वर्गीय चंद्रोदय सिंह के पुत्र संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार संजीव कुमार सिंह अपनी मोटरसाइकिल से गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से अपाचे बाइक पर पहुंचे दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए लगातार फायरिंग की। दो गोलियां लगते ही संजीव सड़क पर गिर पड़े, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर बहेड़ी की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल बहेड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब 50 मिनट तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

इस बीच बेनीपुर के एसडीपीओ रात करीब 9:44 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां सड़क पर दो खाली खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस खोखों को कब्जे में लेकर वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुट गई है।

फिलहाल गोली मारने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।सूचना मिल रही हे कि करीब एक घंटे बाद स्थानीय थाना पहुँच गई हे और अनुसंधान में जुट गई हे ,एफएसएल की टीम भी पहुंचने वाली हे।

पुख्ता जानकारी मिलते ही खबर को अपडेट किया जाएगा।