दरभंगा में 13 जुलाई को लगेगा जॉब कैम्प, 50 पदों पर होगी भर्ती,12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास पुरुष अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर, चयनित उम्मीदवारों को ₹18 हजार प्रतिमाह (CTC) वेतन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा द्वारा 13 जुलाई (सोमवार) को संयुक्त श्रम भवन, रामनगर आईटीआई के निकट, लहेरियासराय में जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह भर्ती शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

जॉब कैम्प में K.K Enterprise द्वारा मशीन ऑपरेटर (CNC/VMC), असेंबली लाइन एवं क्वालिटी से जुड़े कुल 50 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। भर्ती के लिए 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को ₹18,000 प्रतिमाह (CTC) वेतन दिया जाएगा।

नियोजनालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में जॉब कैम्प में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। अभ्यर्थी भारत सरकार के नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण करा सकते हैं या नियोजनालय कार्यालय पहुंचकर भी निबंधन करा सकते हैं।

अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति लेकर आने का निर्देश दिया गया है। जॉब कैम्प में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क होगा।