गर्मी के बीच पेयजल संकट पर प्रशासन अलर्ट, 18 प्रखंडों के लिए अभियंताओं की तैनाती

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

भीषण गर्मी के मद्देनजर जिले में पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए लोक स्वास्थ्य प्रमंडल ने जिला एवं प्रमंडलीय स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया है। जिले के सभी 18 प्रखंडों के साथ-साथ दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के लिए कनीय एवं सहायक अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित अभियंताओं के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हो सके।

लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06272-220256 जारी किया गया है। वहीं किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 06272-245055 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रमंडलीय स्तर पर भी वरीय एवं सहायक अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो शिकायतों की लगातार निगरानी कर उनके त्वरित निष्पादन की व्यवस्था करेंगे।

विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित प्रखंड के प्रतिनियुक्त अभियंता, जिला नियंत्रण कक्ष या जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को तत्काल दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

महत्वपूर्ण नंबर

 जिला पेयजल नियंत्रण कक्ष : 06272-220256
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र : 06272-245055