सिया स्पा सेंटर मामला: तीन आरोपी जेल भेजे गए, तीन महिलाओं को काउंसलिंग के बाद छोड़ा जाएगा

दरभंगा, संवाददाता।

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के जीएन गंज रोड स्थित सिया स्पा सेंटर में कथित देह व्यापार के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं स्पा सेंटर से बरामद तीन महिलाओं को काउंसलिंग के बाद छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तीनों महिलाओं को फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार बरामद तीनों महिलाओं को स्पा सेंटर में नौकरी दिलाने के नाम पर बुलाया गया था। इनमें एक दिल्ली, दूसरी गुजरात और तीसरी अररिया जिले की रहने वाली है। तीनों विवाहित हैं। इनमें एक महिला के पति की मौत हो चुकी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्पा सेंटर की संचालिका रंगीता देवी, प्रबंधक मो. कैफ तथा ग्राहक के रूप में पहुंचे शहनवाज खान के रूप में हुई है। वहीं स्पा सेंटर का संचालक मधुबनी जिले के नवामी गांव निवासी अंकज कुमार सिंह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बुधवार की दोपहर पुलिस ने स्पा सेंटर में छापेमारी कर चार महिलाओं समेत दो पुरुषों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद तीन महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। बताया जाता है कि स्पा सेंटर में प्रबंधक और एक महिला के बीच समय पर नहीं आने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान किसी ने डायल-112 पर सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला संदिग्ध पाकर लहेरियासराय थाना को सूचना दी।

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देश पर सीआईडी डीएसपी उदय शंकर के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। टीम में लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार, महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, ग्राहकों का रिकॉर्ड, रजिस्टर, भुगतान संबंधी दस्तावेज और अन्य सामान जब्त किए गए हैं।

मामले में मुख्य संचालक अंकज कुमार सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ बीएनएस और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।