शिक्षा व्यवस्था पर आयुक्त सख्त: कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा, निजी स्कूलों के निबंधन और 25% आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश
शिक्षा व्यवस्था पर आयुक्त सख्त: कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा, निजी स्कूलों के निबंधन और 25% आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश
शिक्षा व्यवस्था पर आयुक्त सख्त: कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा, निजी स्कूलों के निबंधन और 25% आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्कूलों में सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। गुरुवार को प्रमंडलीय सभागार में आयोजित बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आयुक्त ने विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों की चाहरदीवारी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने को कहा।
आयुक्त ने तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निजी विद्यालयों के निबंधन की जांच करने तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षण का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर जोर देते हुए कहा कि सभी शिक्षक विद्यालयों में समय पर उपस्थित होकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बेंच-डेस्क, पंखे, स्मार्ट टीवी सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं कार्यशील रखने और जलजमाव की समस्या से बचाव के लिए समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों की पहचान कर जिला स्तर पर सम्मानित करने की भी बात कही। बैठक में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा ने भूमिहीन विद्यालयों के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में उप निदेशक (शिक्षा) असगर अली, सहायक निदेशक (योजना) प्रीति कुमारी तथा दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दरभंगा के पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला :नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में दुष्कर्मी को आजीवन कारावास की सजा
दरभंगा में मद्य निषेध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 146.880 लीटर विदेशी शराब बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार, सिमरी थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर छापेमारी, तीन पहिया वाहन भी जब्त