5 हजार रुपये रिश्वत लेते अंचल अमीन रंगे हाथ गिरफ्तार,

जमीन मापी के नाम पर पांच माह से कर रहा था टालमटोल, निगरानी ब्यूरो की टीम ने रिकॉर्ड रूम में बिछाया जाल

दस्तक 7मीडिया /जहानाबाद,पटना 

जहानाबाद जिले के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में बुधवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (पटना) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंचल अमीन अनिल कुमार (सिंह) को ₹5,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई निगरानी टीम के डीएसपी श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से शिकायत की थी कि उनकी पत्नी पुष्पा देवी के नाम मखदुमपुर प्रखंड के ओवा गांव में 26 डिसमिल जमीन है। जमीन की मापी (सीमांकन) कराने के लिए उन्होंने 5 फरवरी 2026 को ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन संबंधित अमीन पिछले पांच महीनों से लगातार काम टाल रहे थे।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि जमीन की मापी कराने के एवज में अमीन अनिल कुमार ने ₹5,000 रिश्वत की मांग की थी। लगातार चक्कर लगाने के बाद भी काम नहीं होने पर विमलेश कुमार ने 23 जून को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने मखदुमपुर अंचल कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने अमीन को ₹5,000 दिए, टीम ने तत्काल छापेमारी कर उन्हें रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया। निगरानी ब्यूरो की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ पटना ले गई, जहां उससे पूछताछ के बाद भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।