दरभंगा :जिले के सभी विद्यालयों की दीवारों पर दिखेंगे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर, शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

जिले के शिक्षा विभाग ने स्कूली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान) संजय कुमार ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को एक आवश्यक निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के तहत, अब जिले के प्रत्येक विद्यालय की मुख्य और दर्शनीय दीवार पर महत्वपूर्ण सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का प्रदर्शन अनिवार्य कर दिया गया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को समस्याओं के समाधान और शिकायतों के निवारण के लिए एक सुगम माध्यम उपलब्ध कराना है। कई बार सूचनाओं के अभाव में लोग अपनी समस्याओं को सही जगह तक नहीं पहुँचा पाते, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि विद्यालय परिसर में ही ये नंबर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखे जाएँ ताकि किसी भी आपातकालीन या आवश्यक स्थिति में इनका उपयोग किया जा सके।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूची में जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक,जिला शिक्षा पदाधिकारी और सिविल सर्जन कार्यालय के संपर्क नंबरों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी शामिल हैं, जिन्हें दीवारों पर अंकित करना होगा।
आपातकालीन सेवाएं 112 (आपातकालीन हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन), 102/108 (एंबुलेंस) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन)। इसके अलावा प्रशासनिक संपर्क जैसे जिला पदाधिकारी-
06272-240200, वरीय पुलिस अधीक्षक–9031827318, जिला शिक्षा पदाधिकारी- -8544411207, सिविल सर्जन–9470003245, /प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और प्रधानाध्यापक के आधिकारिक नंबर, शिक्षा कंट्रोल रूम 06272-245055 और शिक्षा से संबंधित शिकायतों हेतु 14417/1800-3454417 । जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी विद्यालयों में इन नंबरों को बड़े अक्षरों में अगले दो दिनों के भीतर प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही, इस कार्य के पूर्ण होने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को कार्यालय को अनुपालन प्रतिवेदन भी सौंपना होगा। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से अब विद्यालय स्तर पर किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर छात्र और अभिभावक त्वरित गति से संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।