बिरौल, सुपौल बाजार में 1.83 लाख की छिनताई मामले में पुलिस की दबिश तेज, जल्द गिरफ्त में होंगे बदमाश

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल थाना के सुपौल बाजार में दिनदहाड़े झपट्टा मार गिरोह द्वारा की गई 1 लाख 83 हजार 500 रुपये की छिनताई के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बदमाशों की धर-पकड़ के लिए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 जुलाई 2026 की है। कन्हैई गांव निवासी ब्रहमदेव कुंवर ने एसबीआई सुपौल बाजार शाखा से 2 लाख रुपये की निकासी की थी। बैंक से निकलने के बाद उन्होंने कुछ राशि निजी कार्यों में खर्च की, जिसके बाद शेष बची हुई 1 लाख 83 हजार 500 रुपये की राशि को झोले में रखकर वे अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान, जैसे ही वे हाटगाछी के निकट पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके झोले पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अपराधियों के बहुत करीब है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष चंद्र मणि के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिरों और अन्य सूत्रों से मिली जानकारियों के आधार पर बदमाशों का पीछा कर रही है। पुलिस का दावा है कि झपटामार गिरोह के बदमाश बहुत जल्द ही गिरफ्त में होगा। अब सवाल उठता है कि बैंक के भीतर रुपए की निकासी की जानकारी बाहर बदमाशों को कैसे मिल जाती है। क्या गिरोह के सदस्य बैंकिंग कार्य के बहाने बैंक के भीतर मौजूद रहते हैं और अंदर की गतिविधियों पर नजर रखते हैं। बदमाशों के इस नेटवर्क को दबोचने और समाप्त करने के लिए पुलिस को बैंक प्रबंधक के साथ मिलकर गोपनीय रणनीति तय करना चाहिए।