दरभंगा के उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद को भावभीनी विदाई, पटना में संभालेंगे नई जिम्मेदारी,

आशीष अमन बने प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अधिकारियों-कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

करीब दो वर्ष चार माह तक दरभंगा में अपनी सेवाएं देने के बाद उप निदेशक जनसंपर्क सह प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद को बुधवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय में भावभीनी विदाई दी गई। उनके स्थानांतरण के बाद उन्हें खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही सहकारिता विभाग तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि दरभंगा में कार्यकाल के दौरान उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और कार्यालय कर्मियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि दरभंगा की संस्कृति की मिठास और यहां के लोगों का अपनापन हमेशा उनकी यादों में रहेगा। उन्होंने अपने दो वर्ष चार माह के कार्यकाल को यादगार बताते हुए कहा कि इस दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।

उन्होंने जिला जनसंपर्क कार्यालय के सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिससे विभागीय कार्यों का सफल संचालन संभव हो सका।

समारोह में मनीष कुमार आनंद ने कहा कि सत्येंद्र प्रसाद के साथ कार्य करते हुए उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला। वहीं राजेश कुमार ने उन्हें मिलनसार एवं सहयोगी अधिकारी बताते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। विकास कुमार ने कहा कि सत्येंद्र प्रसाद समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर देते थे और अपने मार्गदर्शन से कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए हमेशा प्रेरित करते रहे।

इस अवसर पर सहायक निदेशक आशीष अमन ने प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने सत्येंद्र प्रसाद के उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।