डिग्री कॉलेजों में जल्द शुरू होगा पठन-पाठन, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की,

मूलभूत सुविधाएं व आधारभूत संरचना समय पर पूरी करने के निर्देश, सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित होने वाले डिग्री कॉलेजों में शीघ्र पठन-पाठन शुरू कराने तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेजों की शैक्षणिक तैयारियों, फर्नीचर, शिक्षण सामग्री एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, किरतपुर, तारडीह, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, गौड़ाबौराम एवं अलीनगर प्रखंडों के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन शीघ्र प्रारंभ किया जाना है। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधन एवं आधारभूत सुविधाओं की तैयारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरी की जाए।

डीएम ने सभी महाविद्यालयों में उपलब्ध फर्नीचर, शैक्षणिक सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जहां भी कमी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) के अभियंताओं से भवन एवं अन्य विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी भी ली।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन बिना किसी बाधा के समय पर शुरू होना चाहिए।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, संबंधित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य तथा स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) के अभियंता उपस्थित रहे।