सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वायरल फोटो मामले में 3 गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध ,

देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, बुलेट मोटरसाइकिल व चार मोबाइल बरामद

दरभंगा, 7 जुलाई।

बहेड़ा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वायरल फोटो एवं वीडियो मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), दो जिंदा कारतूस, एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक का हथियार के साथ वायरल वीडियो प्राप्त हुआ। सत्यापन एवं पहचान के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान नीतीश कुमार मुखिया (पिता–काली मुखिया, निवासी–जयंतिपुर दाथ) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वीडियो में दिख रहा हथियार उसके दोस्त कुश यादव (पिता–ढोली यादव, निवासी–धमसाईन, थाना–अलीनगर) का है।

इसके बाद अलीनगर थाना के सहयोग से कुश यादव के घर पर छापेमारी की गई। पूछताछ में कुश यादव ने बताया कि उक्त हथियार उसने विजय कुमार सहनी (पिता–राज कुमार सहनी, निवासी–हरसिंगपुर, थाना–घनश्यामपुर) को दे दिया था।

घनश्यामपुर थाना के सहयोग से विजय कुमार सहनी के घर पर छापेमारी की गई। विजय कुमार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि हथियार उसका है, लेकिन उसने एक दिन पहले उक्त पिस्टल सोनू कुमार सहनी (पिता–कैलाश सहनी, निवासी–हरसिंगपुर नवटोलिया, थाना–बहेड़ा) को दे दिया था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धैरूख गुमटी के पास से बुलेट मोटरसाइकिल पर भागने के दौरान सोनू कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), दो जिंदा कारतूस, एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के मोबाइल की गैलरी की जांच करने पर पाया गया कि सभी आपस में दोस्त हैं तथा एक साथ उठना-बैठना और रहना होता था। सभी के मोबाइल में अपने-अपने फोटो के साथ हथियार (पिस्टल) के फोटो भी मिले हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त

1. नीतीश कुमार मुखिया (19 वर्ष), पिता–काली मुखिया, निवासी–जयंतिपुर दाथ, थाना–बहेड़ा, जिला–दरभंगा।
2. सोनू कुमार सहनी (20 वर्ष), पिता–कैलाश सहनी, निवासी–हरसिंगपुर नवटोलिया, थाना–बहेड़ा, जिला–दरभंगा।
3. विजय कुमार सहनी (23 वर्ष), पिता–राज कुमार सहनी, निवासी–हरसिंगपुर, थाना–घनश्यामपुर, जिला–दरभंगा।

एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

बरामदगी

एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), दो जिंदा कारतूस,एक बुलेट मोटरसाइकिल (रजि. नं. BR19M4563),चार मोबाइल फोन

छापेमारी दल में 

पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में पु.अ.नि. मिथिलेश कुमार राही, प्र.पु.अ.नि. विक्की कुमार, प्र.पु.अ.नि. सुरेन्द्र कुमार, प्र.पु.अ.नि. रिया कुमारी, BHG-301992 मो. सदाम, BHG-303286 चंदा कुमारी एवं सिपाही संख्या-1758 सुदिल कुमार शामिल थे।