दरभंगा के पतोर में निर्माणस्थल पर जोरदार बम विस्फोट, दो मजदूर घायल; जमीनी विवाद की आशंका, एफएसएल जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा के पतोर में निर्माणस्थल पर जोरदार बम विस्फोट, दो मजदूर घायल; जमीनी विवाद की आशंका, एफएसएल जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा के पतोर में निर्माणस्थल पर जोरदार बम विस्फोट, दो मजदूर घायल; जमीनी विवाद की आशंका, एफएसएल जांच में जुटी पुलिस
दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज
दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचलनगर चंदनपट्टी गांव में सोमवार पूर्वाह्न एक निर्माणाधीन स्थल पर हुए तेज धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान चंचलनगर चंदनपट्टी निवासी भुल्ला उर्फ कमलेश पासवान (पिता–सियाकांत पासवान) तथा रामबाबू पासवान (पिता–लक्ष्मी पासवान) के रूप में हुई है। दोनों निर्माण कार्य में लगे हुए थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी, दरभंगा के एसएसपी, सिटी एसपी, सदर एसडीपीओ सहित कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) तथा डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया, जो विस्फोट के कारण और इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाने में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों ने घटना के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
दरभंगा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका काफी शक्तिशाली था, जिससे निर्माणस्थल के आसपास मौजूद लोग भयभीत होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।
पुराना शराब बरामदगी का वीडियो वायरल, अफवाह फैलाने से बचें: दरभंगा पुलिस
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वायरल फोटो मामले में 3 गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध , देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, बुलेट मोटरसाइकिल व चार मोबाइल बरामद