पुराना शराब बरामदगी का वीडियो वायरल, अफवाह फैलाने से बचें: दरभंगा पुलिस
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सकतपुर थाना क्षेत्र में शराब बरामदगी से जुड़े एक पुराने वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दरभंगा पुलिस ने इसे भ्रामक बताते हुए लोगों से अफवाह फैलाने से बचने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, पूजा शर्मा नामक फेसबुक आईडी से वर्ष 2025 की घटना का वीडियो पोस्ट किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने शेयर कर दिया, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो 21 जुलाई 2025 का है। उस दिन वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे समकालीन अभियान के दौरान सकतपुर थाना पुलिस उजान धर्मपुर (डुभौल) के समीप वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान काला शीशा लगी एक कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पीछा करने पर रेलवे गुमटी बंद होने के कारण वाहन रुक गया। जांच में चालक द्वारा झाड़ी में फेंके गए बोरे तथा कार से विदेशी शराब बरामद की गई थी। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया था। थाना ले जाने के दौरान किसी ने उक्त वीडियो बनाकर अब सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चालक अखिलेश कुमार मिश्रा के विरुद्ध दरभंगा व मधुबनी के विभिन्न थानों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, शस्त्र अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
दरभंगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के पुराने या भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट अथवा शेयर न करें। इससे अफवाह फैलने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।