धनरूआ अंचल कार्यालय का क्लर्क 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार,
जमाबंदी कराने के नाम पर मांगी थी घूस, विजिलेंस ने बिछाया जाल

दस्तक 7मीडिया /पटना 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को पटना जिले के धनरूआ अंचल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंचल कार्यालय के लिपिक शैलेश कुमार को 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, रमनीबीघा गांव निवासी राजकुमार सिंह ने 17 जून 2026 को निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि उनकी जमीन की जमाबंदी कराने के बदले अंचल कार्यालय के क्लर्क शैलेश कुमार द्वारा 50 हजार रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद डीएसपी आसिफ रफीक मेहंदी के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। सोमवार को पूर्व नियोजित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी क्लर्क को 50 हजार की रिश्वत दी, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को अपने साथ पटना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय के कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। निगरानी विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।