दिल्ली मोड़ बस स्टैंड निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बस स्टैंड परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बुडको के परियोजना निदेशक को निर्देश दिया कि बस स्टैंड भवन का निर्माण कार्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो।

डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बस स्टैंड परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और गति दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे लोगों को जल्द आधुनिक बस स्टैंड की सुविधा उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान बुडको के परियोजना निदेशक अभय कुमार पांडेय, संबंधित अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।