दरभंगा :गुप्त सूचना पर कमतौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिस्टल-गोली के साथ युवक गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /सिंहबाड़ा 

कमतौल थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के ग्राम जहांगीर टोल (पशु टोल) में की गई।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू कुमार, पिता सुनील कुमार ठाकुर, निवासी मुरैठा, थाना जाले, जिला दरभंगा के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली, एक मैगजीन, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

कमतौल थाना पुलिस ने अभियुक्त को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार का उपयोग किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं तथा उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।