मनिगाछी में शराब कारोबारियों पर बड़ी कारवाई , 417 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद; दो तस्कर फरार, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी,

थानाध्यक्ष रणजीत कुमार की लगातार कार्रवाई से शराब माफियाओं में मचा हड़कंप, ग्रामीण बोले- कारोबारियों की उड़ गई नींद

दस्तक 7मीडिया , मनिगाछी 

मनिगाछी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 417 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के सखवार गाछी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही शराब कारोबार से जुड़े दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपितों की पहचान फूलवन गांव निवासी मनोज यादव (पिता-बाबूनारायण यादव) तथा सखवार गांव निवासी लड्डू मंडल (पिता-सुताई मंडल) के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध मनिगाछी थाना कांड संख्या 174/26, दिनांक 6 जुलाई 2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें 417 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इधर, मनिगाछी थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के विरुद्ध लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के कार्यभार संभालने के बाद से शराब कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। नियमित छापेमारी और सख्त कार्रवाई के कारण अवैध शराब के धंधे में लगे लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और उनकी नींद हराम हो गई है।

थानाध्यक्ष रंजीत ने थाना क्षेत्र के लोगों से भी अपील किया हें  कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री से संबंधित कोई भी सूचना हें तो थानाध्यक्ष को तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।