कुख्यात बालू माफिया मंटू यादव गिरफ्तार, घर से राइफल, पिस्तौल व 11 कारतूस बरामद,

गुप्त सूचना पर नगर थाना पुलिस की छापेमारी, कई संगीन मामलों का आरोपी; नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

संवाददाता, जमुई।

जमुई नगर थाना पुलिस ने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बालू माफिया मंटू यादव को प्रतापपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसके घर पर की गई छापेमारी के दौरान एक देसी राइफल, एक देसी पिस्तौल तथा 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया गया कि पुलिस मुख्यालय से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मंटू यादव को गिरफ्तार कर उसके ठिकाने की तलाशी ली गई, जहां से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार मंटू यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पुलिस टीम पर हमला, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों और अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि जिले में अवैध बालू सिंडिकेट और संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।