रैयाम चीनी मिल संचालन की तैयारी तेज, 30 जुलाई तक किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश,

डीएम ने गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान की समीक्षा की, पंचायत स्तर पर साप्ताहिक बैठक और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

रैयाम चीनी मिल के प्रस्तावित संचालन को लेकर जिले में गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला अभियान समिति की बैठक हुई, जिसमें अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने और गन्ना खेती के रकबे में वृद्धि पर जोर दिया गया।

बैठक में सहायक निदेशक (ईख विकास) ने बताया कि चीनी मिल के सफल संचालन के लिए करीब 30 हजार एकड़ में गन्ने की खेती आवश्यक है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए संभावित गांवों की पहचान कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में किसानों के साथ नियमित बैठक कर उन्हें गन्ना खेती के आर्थिक लाभ, सरकारी योजनाओं और तकनीकी सहायता की जानकारी दें। साथ ही जीविका दीदियों और अभियान समिति के सहयोग से साप्ताहिक बैठकें आयोजित की जाएं।

उन्होंने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को 30 जुलाई तक अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि गन्ना नकदी फसल है, जिसमें कम लागत पर बेहतर मुनाफा मिलता है। किसानों को गन्ना किसान पंजीकरण, सहकारी समिति की सदस्यता और सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि किसान CCS बिहार पोर्टल पर अपनी डीबीटी आईडी के माध्यम से पंजीकरण कर गन्ना विकास से संबंधित योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। बैठक में उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, सहायक निदेशक (ईख विकास) अभिनय प्रियदर्शी, जिला ईख पदाधिकारी पुष्कर राज, ईख प्रसार पदाधिकारी राहुल देव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।