सखी वार्ता में छात्राओं को बाल विवाह व दहेज प्रथा के खिलाफ किया जागरूक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा।

महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देश तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में सोमवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (डीएचईडब्ल्यू) की ओर से राजकीय मध्य विद्यालय महेशा जान में ‘सखी वार्ता’ एवं बाल विवाह मुक्त बिहार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, दहेज प्रथा, माहवारी स्वच्छता तथा महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ डॉली कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने बालिकाओं को बताया कि बाल विवाह और दहेज प्रथा सामाजिक कुरीतियां होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी हैं। उन्होंने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की।

इस दौरान माहवारी स्वच्छता पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा छात्राओं के बीच एमएचएम किट का वितरण किया गया। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कार्यालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।