7 जुलाई के सहयोग शिविर की तैयारी पूरी, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का डीएम का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों, जन शिकायतों, विकास योजनाओं तथा 7 जुलाई को जिले के 48 स्थानों पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व एवं जन शिकायतों से जुड़े मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने 7 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी बीडीओ को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों को शिविर में आमंत्रित करने तथा वरीय अधिकारियों को शिविरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। शिविर में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों का प्रतिवेदन सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने को भी कहा गया।

बैठक में जिले के आठ प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के निर्माण कार्य, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने, आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के लिए लंबित भूमि सीमांकन तथा प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण के निर्देश दिए। बैठक में अपर समाहर्ता समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे, जबकि प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।