सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाएं, साइबर ठगी से रहें सतर्क: जितेंद्र

दस्तक 7मीडिया ,हनुमाननगर /

प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरो में शनिवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने कहा कि डिजिटल युग में सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का उपयोग सोच-समझकर करें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। उन्होंने शिक्षकों से एनसीईआरटी के साइबर सुरक्षा संबंधी निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाकर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ने की अपील की।

शिक्षक अमीर खान ने वित्तीय साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें।

शिक्षिका बबीता ने व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने, साइबर फिशिंग और साइबर बुलिंग से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर घटना से घबराने के बजाय तत्काल साइबर थाना से संपर्क करें। कार्यक्रम में छात्र उत्तम कुमार, सत्यम कुमार, नीतीश कुमार एवं कृष्ण कुमार ने रोल प्ले के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।