मखाना और बागवानी को मिलेगी नई उड़ान, दरभंगा को बनाया जाएगा मॉडल जिला: सांसद,

समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड व मिथिला बागवानी क्लस्टर की योजनाओं पर मंथन, किसानों की आय बढ़ाने और निर्यात को गति देने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शनिवार को सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में मिथिला बागवानी क्लस्टर एवं राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मखाना और बागवानी क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हाईटेक नर्सरी की स्थापना, ड्रिप सिंचाई का विस्तार, किसानों के नियमित प्रशिक्षण, 26 इंटीग्रेटेड पैक हाउस, कोल्ड स्टोरेज, राइपनिंग चैंबर और रीफर वाहनों की व्यवस्था जैसे प्रस्तावों की समीक्षा की गई। साथ ही ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए दरभंगा एयरपोर्ट से केला, आम, लीची और मखाना के निर्यात को नई गति देने की रणनीति पर भी विचार हुआ।

सांसद ने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात को एकीकृत दृष्टिकोण से विकसित किया जाए ताकि मिथिला के किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने निष्क्रिय किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में सांसद ने कहा कि दरभंगा में मखाना की खेती, प्रसंस्करण और व्यापार के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की पहल की जा रही है। उन्होंने मखाना की खेती के साथ कमल, सिंघाड़ा और मत्स्य पालन को जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मिथिला का किसान मखाना उत्पादन के क्षेत्र में देश का सबसे समृद्ध किसान बनेगा।

बैठक में दरभंगा को मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और वैश्विक व्यापार का मॉडल जिला बनाने की दिशा में कार्य तेज करने तथा किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। सभी संबंधित विभागों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कौशल कुमार, अभिषेक कुमार, कल्पना रावत, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. इंदु शेखर सिंह, नीरज कुमार झा, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुरुचि कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।