विशेष लोक अदालत की सफलता के लिए अधिवक्ता संघ और विधिक सेवा समिति आए साथ

दस्तक 7 मिडिया,विधि संवाददाता, बिरौल।

विशेष लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव, अनुमंडल विधिक सेवा समिति बिरौल श्री प्रभात ने एन आई एक्ट मामलों से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। न्यायालय परिसर स्थित सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री प्रभात ने कहा कि चेक बाउंस संबंधी मामले सुलह समझौता योग्य होते हैं और सफल प्रयास करने से पक्षकारों में सुलह की प्रबल संभावना होती है। न्यायालय द्वारा चेक बाउंस के सभी मुकदमों के पक्षकारों को नोटिस जारी किया गया है। इस बार 18 जुलाई को एन आई एक्ट के पक्षकारों को समझौते के लिए विशेष सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने अधिवक्ताओं के माध्यम से पक्षकारों से अपील किया कि 18 जुलाई से पूर्व प्रि काउंसलिंग के जरिए मामलों को सुलझाने का प्रयास करें ताकि विशेष लोक अदालत में मामलों को आसानी से निपटाया जा सके। बैठक में मौजूद अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बच्चे लाल झा ने कहा कि संघ के द्वारा भी दोनों पक्षों को सुलह समझौते के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में अधिवक्ता संघ के सचिव राजकपूर पाण्डेय एवं मौजूद अधिवक्ताओं ने विशेष लोक अदालत को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करने की बात कही। मौके पर अधिवक्तागण विक्रांत कुमार, विष्णुकांत चौधरी, अजय कुमार झा, राम किशोर यादव, श्रवण कुमार चौधरी, रमेश कुमार राय, अश्विनी कुमार, चंदन कुमार आदि मौजूद थे।