टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी, डीएम ने रोज 4500 स्क्रीनिंग का दिया लक्ष्य,वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश, ओपीडी मरीजों की भी जांच सुनिश्चित करने को कहा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एनआईसी, दरभंगा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी ने टीबी मुक्त भारत अभियान को मिशन मोड में चलाने का निर्देश देते हुए प्रतिदिन 4500 लोगों की स्क्रीनिंग कर उसका विवरण पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों की भी टीबी की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित मरीजों की समय पर पहचान हो सके।

डीएम ने कहा कि टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग और जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि टीबी की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और जनसहभागिता से ही जिले को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहे। अंत में जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।