चार माह से वेतन नहीं मिलने पर नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी के सफाईकर्मियों ने लगाई गुहार, कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा आवेदन।

दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी के सफाईकर्मियों ने पिछले चार माह से वेतन भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए कार्यपालक पदाधिकारी को सामूहिक आवेदन सौंपकर अविलंब वेतन भुगतान की मांग की है। आवेदन पर बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों के हस्ताक्षर भी हैं।
सौंपे गए आवेदन में सफाईकर्मियों ने कहा है कि वे नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कार्य कर रहे हैं। वे सभी मजदूर वर्ग से आते हैं और उनके परिवार का भरण-पोषण पूरी तरह मासिक वेतन पर निर्भर है। इसके बावजूद पिछले चार माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
सफाईकर्मियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च, इलाज और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो गया है। लगातार वेतन भुगतान में देरी होने से उनके दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
आवेदन में कार्यपालक पदाधिकारी से आग्रह किया गया है कि मानवीय आधार पर शीघ्र वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। सफाईकर्मियों ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।­