लंबित वारंट, ई-समन व केस डायरी पर SSP सख्त, कई थाना के PC प्रभारियों से मांगा स्पष्टीकरण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) दरभंगा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में जिले के सभी थानों के PC प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित मामलों के निष्पादन और न्यायालय संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित ई-समन, बीडब्ल्यू (BW), गैर-जमानती वारंट (NBW), कुर्की, इश्तिहार तथा कांड दैनिकी पंजी के संधारण की स्थिति का आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान SSP ने सभी PC प्रभारियों के कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।

बैठक में APM थाना, मब्बी थाना और सिमरी थाना के PC प्रभारियों द्वारा कांड दैनिकी समय पर माननीय न्यायालय में उपलब्ध नहीं कराने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं अलीनगर, बिरौल, घनश्यामपुर, सकतपुर और बहेड़ी थाना के PC प्रभारियों से समन, वारंट, इश्तिहार और कुर्की से संबंधित पंजी का सही तरीके से संधारण नहीं करने पर जवाब-तलब किया गया।

इसके अलावा सकतपुर एवं कुशेश्वरस्थान थाना के PC प्रभारियों को ई-समन पंजी का समुचित संधारण नहीं करने के कारण निंदन (Censure) की सजा दी गई।

बैठक के अंत में SSP ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने, न्यायालय से संबंधित प्रक्रियाओं का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों का सही ढंग से संधारण करने के निर्देश दिए।