राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण व पार्किंग हटेगी, हाईवे पेट्रोलिंग होगी मजबूत,

डीएम-एसएसपी की संयुक्त बैठक में थानाध्यक्षों को निर्देश, एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के बीच ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने तथा हाईवे पेट्रोलिंग को सुदृढ़ बनाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे और सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण तथा अनधिकृत पार्किंग को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। सिमरी, मब्बी, भालपट्टी, मनीगाछी और सदर थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर हाईवे को अतिक्रमण व अवैध पार्किंग से मुक्त कराने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि शहर में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में संभावित यातायात दबाव और जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण सुनिश्चित कराने को भी कहा गया।

बैठक में विशेष रूप से सिमरी, दिल्ली मोड़, मब्बी और शोभन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से खड़े ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस, परिवहन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संयुक्त रूप से हाईवे का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), संबंधित अंचलाधिकारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष तथा एनएचएआई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।