दरभंगा में ‘विकसित भारत वीबी-जी राम जी योजना’ की शुरुआत, 125 दिन रोजगार और ₹300 दैनिक मजदूरी का प्रावधान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में ग्रामीण विकास और रोजगार को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में “विकसित भारत वीबी-जी राम जी योजना” का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल तथा मुखिया संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि यह योजना वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, जल संरक्षण एवं जल संचयन को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। मजदूरों को ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद कार्य दिया जाएगा तथा उन्हें ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड जारी किए जाएंगे। सात दिनों का मास्टर रोल रहेगा, जिसमें एक दिन का अवकाश होगा। योजना के तहत ₹300 प्रतिदिन मजदूरी निर्धारित की गई है।

डीएम ने बताया कि योजना के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जल संसाधन विकास, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्द्धन एवं रोजगारोन्मुखी कार्य तथा आपदा न्यूनीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही स्थायी परिसंपत्तियों का भी निर्माण कराया जाएगा।

उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने कहा कि योजना में 16 विभागों के अभिसरण के माध्यम से समग्र ग्रामीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। पंचायतों की योजनाओं और परिसंपत्तियों का विवरण विकसित भारत नेशनल रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर स्टैक पर दर्ज किया जाएगा, जिससे भविष्य की योजनाओं और नीति निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि रोजगार की मांग मिलने के 15 दिनों के भीतर काम तथा कार्य पूरा होने के 15 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक भुवनेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) आमना जोहरा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए विस्तृत चर्चा भी की गई।