खराब कार्यशैली पर गिरी गाज, गायघाट थानाध्यक्ष हटाए गए,

अपराध नियंत्रण, कांडों के निष्पादन व निर्देशों के पालन में लापरवाही पर एसएसपी की कार्रवाई, पुलिस केंद्र भेजे गए

गायघाट/मुजफ्फरपुर, दीपक कुमार।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गायघाट थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार को पद से हटा दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है।

ग्रामीण एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थानाध्यक्ष का कार्य निष्पादन संतोषजनक नहीं पाया गया। समीक्षा के दौरान अपराध नियंत्रण, कांडों के समयबद्ध निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा विधि-व्यवस्था संधारण जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित रुचि नहीं लेने की बात सामने आई।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि पुलिस मुख्यालय एवं जिला स्तर से समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुपालन में भी शिथिलता बरती गई। ग्रामीण एसपी की रिपोर्ट तथा तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक की स्वीकृति के बाद सक्षम प्राधिकार ने यह कार्रवाई की।

पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।