अपराध गोष्ठी में पुलिस निरीक्षक सख्त,लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और शराब माफियाओं पर नकेल के निर्देश

दस्तक 7 मिडिया,उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

अंचल पुलिस निरीक्षक महफुज आलम की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस प्रशासन के कामकाज की गहन समीक्षा की गई। इस बैठक में जमालपुर, बड़गांव, कुशेश्वरस्थान, तिलकेश्वर और नदी थाना के थानाध्यक्ष मुख्य रूप से मौजूद रहे। हालांकि,विशेष कार्य को लेकर
घनश्यामपुर थानाध्यक्ष की अनुपस्थित रहे।
अंचल पुलिस निरीक्षक श्री आलम ने एक-एक कर सभी थानों के लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने कड़े लहजे में निर्देश दिए कि विभिन्न मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने लंबित मामलों के जल्द से जल्द निष्पादन करने की बात कही ताकि आम नागरिकों को न्याय मिल सके।
शराबबंदी को सख्ती से लागू करने पर जोर देते हुए अंचल पुलिस निरीक्षक ने कहा कि शराब तस्करों के विरुद्ध कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा तस्करों के संभावित ठिकानों पर निरंतर छापेमारी करने का निर्देश दिया। शराब माफियाओं की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने पर जोर दिया गया। दिवा, संध्या और रात्रि गश्ती के दौरान तैनात पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो तुरंत पूछताछ करें। क्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए संबंधित क्षेत्र के चौकीदार से समन्वय बनाकर संदिग्धों के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने को कहा गया है। मौके पर एसआई मुकेश कुमार,गौरव प्रसाद, केशरी नंदन राम,शुशील कुमार तथा एस आई विनिता कुमारी मौजूद थे।