बिहार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 12 आईपीएस व 53 बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों का तबादला,

गृह विभाग ने जारी की दो अलग-अलग अधिसूचनाएं, कई जिलों के एसडीपीओ, डीएसपी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार के गृह विभाग ने मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 12 तथा बिहार पुलिस सेवा एवं आशु उपाधीक्षक संवर्ग के 53 अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस संबंध में गृह विभाग की आरक्षी शाखा ने दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के दायित्वों में व्यापक बदलाव किया गया है। महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम प्रीता वर्मा को महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशाम सेवाएं, बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) निर्मल कुमार आजाद को अपने वर्तमान दायित्व के साथ पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई से हटाकर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) का दायित्व सौंपा गया है। अपर पुलिस महानिदेशक कासे सुहिता अनुपम को विधि-व्यवस्था का प्रभार दिया गया है।

अधिसूचना के अनुसार 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी गरिमा को कहलगांव एसडीपीओ से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है। वहीं शिवम धाकड़ को मधुबनी का ग्रामीण पुलिस अधीक्षक तथा कोमल मीणा को पटना में विधि-व्यवस्था अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया गया है।

दूसरी अधिसूचना में बिहार पुलिस सेवा के 53 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसमें कई पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों तथा आशु उपाधीक्षकों को नई जिम्मेदारी दी गई है। बड़ी संख्या में अधिकारियों को आर्थिक अपराध इकाई, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, अपराध अनुसंधान विभाग, विशेष शाखा, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो तथा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में पदस्थापित किया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन पुलिस पदाधिकारियों का अन्यत्र पदस्थापन नहीं किया गया है, वे तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में पदस्थापन की प्रतीक्षा में योगदान देंगे। गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक, बिहार को संबंधित अधिकारियों का गत्यादेश शीघ्र निर्गत करने का निर्देश भी दिया है।