नेहरा लूटकांड का खुलासा, लूटा मोबाइल व गलाया गया सोने का लॉकेट बरामद; पांच गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नेहरा थाना क्षेत्र में एक राहगीर से हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन, गलाया हुआ सोने का बजरंगबली (हनुमान जी) का लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार नेहरा थाना कांड संख्या-77/26 के अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार दास से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहगीर से मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने का बजरंगबली का लॉकेट लूटने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर मामले का उद्भेदन किया।

जांच में सामने आया कि घटना के बाद लूटे गए सामान का आरोपियों ने आपस में बंटवारा कर अलग-अलग लोगों को बेच दिया था। छापेमारी के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन सकरी थाना क्षेत्र के नरपत नगर निवासी टुनटुन चौपाल के कब्जे से बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि मोबाइल उसने सोररीपट्टी निवासी पंकज साहू की दुकान से खरीदा था, जहां लूट में शामिल आरोपियों ने उसे बेचा था।

वहीं, लूटा गया सोने का बजरंगबली का लॉकेट आरोपी आशीष कुमार दास ने पंडौल थाना क्षेत्र के यमसम निवासी दुर्गानन्द ठाकुर को बेच दिया था। दुर्गानन्द ठाकुर ने लॉकेट को गलाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने आशीष कुमार दास, गोविंद कुमार चौपाल, टुनटुन चौपाल, पंकज साहू और दुर्गानन्द ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, गलाया हुआ सोने का लॉकेट (जप्त धातु) तथा कांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (बीआर-32एवी-5671) बरामद की गई है।

नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक निलेश कुमार, अरुण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।