दिल्ली मोड़ आरओबी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित एजेंसियों और अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ परियोजना को पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने दिल्ली मोड़ की ओर बन रही सर्विस रोड का अवलोकन किया और इसे जल्द से जल्द पूरा कर यातायात को सुचारु बनाने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने परियोजना के तहत प्रस्तावित आरई (RE) वॉल के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं बेला मोड़ की ओर निर्माणाधीन ड्रेनेज कार्य की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय के भीतर इसे पूरा करने को कहा। साथ ही सर्विस रोड के साथ आरई वॉल निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने रेलवे से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक डायवर्सन निर्माण तत्काल शुरू कराने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजना को गति देने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, संबंधित अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।