कार्यालय परिचारी अमलेश झा के असामयिक निधन पर आयुक्त कार्यालय में शोकसभा,
आयुक्त हिमांशु कुमार राय की मौजूदगी में अधिकारियों-कर्मियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

आयुक्त कार्यालय, दरभंगा प्रमंडल में प्रतिनियुक्त कार्यालय परिचारी अमलेश झा के असामयिक निधन पर मंगलवार को प्रमंडलीय सभागार में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में आयुक्त हिमांशु कुमार राय की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकारी के अनुसार, अमलेश झा मूल रूप से अनुमंडल कार्यालय, सदर दरभंगा में पदस्थापित थे और वर्तमान में आयुक्त कार्यालय, दरभंगा प्रमंडल में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से आयुक्त कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक की लहर है।

शोकसभा को संबोधित करते हुए आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने दिवंगत अमलेश झा के कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं विनम्र व्यक्तित्व को याद किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित आयुक्त कार्यालय के सभी वरीय पदाधिकारी एवं कर्मियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत अमलेश झा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।