पालीगंज में आबकारी टीम पर फायरिंग, स्कॉर्पियो का शीशा चीर निकली गोली; सभी सुरक्षित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल में मद्य निषेध (आबकारी) विभाग की टीम पर अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मंगलवार (30 जून) की देर शाम पालीगंज थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर पुल के पास हुई। हमले में विभागीय स्कॉर्पियो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन वाहन में सवार होमगार्ड जवान, आबकारी टीम के सभी सदस्य तथा गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, आबकारी अधिकारी बैद्यनाथ यादव के नेतृत्व में विभाग की टीम महाराजगंज मुसहरी इलाके में शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाकर लौट रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था और उन्हें विभागीय स्कॉर्पियो से पालीगंज आबकारी थाना लाया जा रहा था।

बताया जाता है कि जैसे ही टीम अख्तियारपुर पुल के पास पहुंची, पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। एक गोली वाहन के दाहिने तरफ के गेट का शीशा तोड़ते हुए बाएं तरफ के शीशे से बाहर निकल गई। गोली वाहन में बैठे लोगों के बेहद करीब से गुजरी, लेकिन सौभाग्यवश कोई हताहत नहीं हुआ।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास से साक्ष्य जुटाने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

उत्पाद अधीक्षक अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वाहन पर वास्तविक फायरिंग हुई थी या फिर किसी ने पत्थर मारकर शीशा तोड़ा था।

फिलहाल पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर इसे आबकारी टीम पर हमला मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।