CLC और मार्कशीट के नाम पर वसूली पड़ गई भारी, ₹50 हजार रिश्वत लेते हेडमास्टर रंगे हाथ गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया /पटना

बिहार की राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर (सम्पतचक) के हेडमास्टर कुणाल प्रियदर्शी को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मंगलवार (30 जून) को विद्यालय परिसर में की गई।

जानकारी के अनुसार, हेडमास्टर पर आरोप है कि वे दसवीं कक्षा के छात्रों से स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (CLC), मार्कशीट एवं रिजल्ट देने के नाम पर प्रति छात्र ₹400 की अवैध वसूली कर रहे थे। इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पूर्व नियोजित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे ₹50,000 हेडमास्टर को स्कूल कार्यालय में दिए। जैसे ही उन्होंने राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी हेडमास्टर को पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद सरकारी विद्यालयों में प्रमाण-पत्रों के नाम पर होने वाली कथित अवैध वसूली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी