4 साल से फरार अपहरण कांड का आरोपी कानून के शिकंजे में, कुर्की के डर से थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

घनश्यामपुर (दरभंगा), संवाददाता।

चार वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बच रहे अपहरण कांड के एक फरार आरोपी ने आखिरकार कानून के सामने घुटने टेक दिए। न्यायालय द्वारा कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू होने और पुलिस की लगातार दबिश के चलते आरोपी ने सोमवार को घनश्यामपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कन्हैई गांव निवासी स्वर्गीय वैद्यनाथ राय के पुत्र सूरज राय के विरुद्ध एक युवती के अपहरण के आरोप में घनश्यामपुर थाना कांड संख्या 259/22 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की कई छापेमारी के बावजूद गिरफ्त से बाहर था।

आरोपी की लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस ने न्यायालय से उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती का वारंट प्राप्त किया। न्यायालय के आदेश के आलोक में पुलिस ने आरोपी के घर पर इश्तिहार चिपकाते हुए निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्धारित अवधि में हाजिर नहीं होने पर उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।

कुर्की की कार्रवाई की आशंका और पुलिस की लगातार निगरानी के कारण आरोपी पर दबाव बढ़ता गया। अंततः सोमवार को उसने घनश्यामपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि फरार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय के निर्देशानुसार अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।