धूमधाम से हुआ केंद्रीय विद्यालय दरभंगा-3 का उद्घाटन, 1 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं

संवाददाता /हनुमाननगर,​दरभंगा

सोमवार को +2 राजकीय उच्च विद्यालय कोलहंटा पटोरी परिसर मेंबहुप्रतिक्षित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक संख्या-3 दरभंगा एम्स का भव्य उद्घाटन किया गया। भारी बारिश के बावजूद उत्सव के माहौल में सांसद गोपालजी ठाकुर,क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री मदन सहनी, विधान पार्षद सर्वेश कुमार और हरि सहनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उदघाटन किया। इस अवसर पर आगत अतिथियों का स्वागत मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग-चादर भेंट कर किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य ऋषिरमण की अध्यक्षता में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने झमाझम बारिश के बीच डटे लोगों के उत्साह को शुभ संकेत बताया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के लिए भूखंड की व्यवस्था करने वालों का आभार जताते हुए कहा, “बिना किसी भेदभाव के पटोरी में डिग्री कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की गई है।​ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आज मिथिला पर पूरी तरह मेहरबान है और अनगिनत योजनाओं की स्वीकृति देकर यहां विकास का द्वार खोल दिया है।
​समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि मिथिला अनादि काल से ज्ञान और विज्ञान का केंद्र रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें केवल घोषणाएं और शिलान्यास करती थीं। साल 2008 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद ने दरभंगा-मुजफ्फरपुर रेल लाइन का शिलान्यास किया था, लेकिन काम कभी शुरू नहीं हुआ। अब नरेंद्र मोदी की सरकार ₹1200 करोड़ की लागत से लहेरिया सराय से मुजफ्फरपुर रेल लाइन का निर्माण करने जा रही है।
​सांसद ने शिक्षा के बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए बताया कि 15 दिसंबर 1960 में देश में महज 28 केंद्रीय विद्यालयों के साथ इसकी शुरुआत हुई थी। पहले बिहार में 49 केंद्रीय विद्यालय चल रहे थे, जिसमें अब 19 और नए विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। वर्तमान में अकेले बिहार में 35 केंद्रीय विद्यालय सफलतापूर्वक संचालित हैं। उन्होंने एक और बड़ी खुशखबरी देते हुए कहा कि एसटीईटी (STET) में अब मैथिली विषय को शामिल कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में मैथिली शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ होगा।
​1 जुलाई से सजेगी कक्षाएं, प्रबुद्ध लोग रहे मौजूद
​समारोह में घोषणा की गई कि नए केंद्रीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं का नामांकन और नियमित वर्ग संचालन आगामी 1 जुलाई से प्रारंभ हो जाएगा।मौके पर बीडीओ मनीष कुमार, पंचायत के मुखिया माधुरी कुमारी, मुखिया महासंध के राजीव चौधरी,नवीन चौधरी,जिला पार्षद प्रतिनिधि बबलू सहनी,समाजसेवी राधेश चौधरी,धीरज कुमार वंशी,वैद्यनाथ मिश्र,शशिकांत प्रसाद,पूर्व मुखिया राम एकवाल चौधरी समेत सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित थे।