सिंहवाड़ा के सरकारी स्कूलों में अब उर्दू में भी लिखे जाएंगे नाम, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

दस्तक 7मीडिया /विजय ठाकुर

सिंहवाड़ा/ सहयोग पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के बाद सिंहवाड़ा प्रखंड के सभी सरकारी स्कूलों में हिंदी के साथ उर्दू में भी नाम लिखने का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल भरवाड़ा नगर पंचायत के वार्ड-3 निवासी मो. नसरुल्ला खान ने 15 जून 2026 को पोर्टल पर मांग उठाई थी। उनका कहना था कि उर्दू बिहार की दूसरी आधिकारिक भाषा है फिर भी भरवाड़ा के किसी भी सरकारी स्कूल के बोर्ड पर उर्दू में नाम नहीं लिखा है। इसलिए सभी स्कूलों में हिंदी के साथ उर्दू में भी नाम अंकित किया जाए।
इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दरभंगा के जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर ने 25 जून 2026 को पत्रांक 2584 के तहत जिला पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजी। रिपोर्ट के मुताबिक, सिंहवाड़ा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पहले ही 20 जून 2026 को पत्रांक 481 जारी कर सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को इस बारे में निर्देश दे चुके हैं। डीईओ कार्यालय ने की गई कार्यवाही की जानकारी शिकायतकर्ता मो. नसरुल्लाह खान को भी दे दी है। विभाग के इस कदम के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही सिंहवाड़ा प्रखंड के सरकारी विद्यालयों के नामपट्ट पर हिंदी के साथ उर्दू भी नजर आएगी।