हनुमाननगर को मिली बड़ी सौगात:कल खुलेगा केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-3, शिक्षा के नए युग की शुरुआत
हनुमाननगर को मिली बड़ी सौगात:कल खुलेगा केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-3, शिक्षा के नए युग की शुरुआत
हनुमाननगर को मिली बड़ी सौगात: कल खुलेगा केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-3, शिक्षा के नए युग की शुरुआत
संवाददाता, हनुमाननगर (दरभंगा)।
दरभंगा जिले के हनुमाननगर प्रखंड के शैक्षिक इतिहास में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। कोल्हंटा पटोरी स्थित +2 राजकीय उच्च विद्यालय परिसर में नवनिर्मित केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-3, दरभंगा का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। विद्यालय के संचालन से जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को केंद्रीय विद्यालय संगठन की गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
उद्घाटन समारोह का आयोजन सोमवार को पूर्वाह्न 10 बजे से होगा। इस अवसर पर दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, बिहार सरकार के मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन सहनी, विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार तथा जिलाधिकारी कौशल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी की संभावना है।
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, वायु सेना स्थल, दरभंगा के प्राचार्य ऋषि रमण ने बताया कि जिले में तीसरे केंद्रीय विद्यालय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय संगठन के उत्कृष्ट पाठ्यक्रम, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक शिक्षण प्रणाली का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह संस्थान बेहतर भविष्य की नई राह खोलेगा।
उद्घाटन समारोह को लेकर +2 राजकीय उच्च विद्यालय, कोल्हंटा पटोरी परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों और बुद्धिजीवियों में इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। वर्षों से क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की मांग पूरी होने पर लोग इसे हनुमाननगर और आसपास के इलाकों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि और मील का पत्थर मान रहे हैं।