हर माह के अंतिम रविवार को मनाया जाएगा पंचायत विकास दिवस: मंत्री कुमार शैलेंद्र,

हायाघाट के आनंदपुर सोहरा में हुआ भव्य आयोजन, ग्राम स्वराज, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास लक्ष्यों पर दिया गया जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

हायाघाट प्रखंड के आनंदपुर सोहरा मध्य विद्यालय में शनिवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री एवं दरभंगा के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में ग्राम स्वराज की अवधारणा, पंचायतों की भूमिका तथा सतत विकास लक्ष्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पंचायतों को अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा विकास योजनाओं में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

उप विकास आयुक्त (डीडीसी) स्वप्निल ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता बढ़ाते हुए सतत विकास के 17 लक्ष्यों को नौ प्रमुख विषयों के माध्यम से धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं को अधिकार एवं दायित्व प्रदान किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी किया गया।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने घोषणा की कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज से शुरू हुए पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है तथा लोगों से अभियान को सफल बनाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि इस बार पंचायत विकास दिवस की थीम महिला विकास एवं हितैषी पंचायत निर्माण है। उन्होंने जीविका दीदी समूह की महिलाओं को स्वरोजगार, सामाजिक भागीदारी तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। साथ ही महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में आरक्षण की जानकारी देते हुए बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जीविका समूहों को दी जा रही 10 हजार रुपये की सहायता राशि का उपयोग रोजगार एवं व्यवसाय विस्तार में करने का आग्रह किया।

वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को नई दिशा देने वाला संवाद है। उन्होंने पंचायत विकास दिवस की महत्ता, ग्रामीण विकास में पंचायतों की भूमिका तथा जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जीविका दीदी समूह की महिलाओं ने भी सरकारी योजनाओं से हुए लाभ और अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। मंच संचालन उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी ने किया।

इस अवसर पर उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी हायाघाट, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।