दरभंगा की सभी 308 पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस, खराजपुर में हुआ मुख्य कार्यक्रम

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /

जिले की सभी 308 पंचायतों में रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में पंचायत विकास दिवस मनाया गया। प्रशासन ने बताया कि अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को इस कार्यक्रम का नियमित आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह बहादुरपुर प्रखंड की खराजपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव सह जिला प्रभारी सचिव राजेश कुमार का मुखिया द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रतीक पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह में विधान पार्षद हरी सहनी, जिला प्रभारी सचिव राजेश कुमार, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनभागीदारी की अहम भूमिका है।

इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पंचायतों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक रूप से श्रवण भी किया।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाना, विकास योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।