मोतिहारी चीनी मिल की 14 एकड़ जमीन घोटाला: डीएम का बड़ा एक्शन, राजस्व कर्मचारी कृष्णा कुमार श्रीवास्तव सस्पेंड,

गलत जांच रिपोर्ट देकर भूमि परिमार्जन की अनुशंसा का आरोप, विभागीय कार्रवाई के निर्देश; भ्रष्टाचार पर जिला प्रशासन का सख्त संदेश

दस्तक 7मीडिया /मोतिहारी।

पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी सदर अंचल में ऐतिहासिक मोतिहारी चीनी मिल की लगभग 14 एकड़ कीमती जमीन के अवैध परिमार्जन मामले में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित राजस्व कर्मचारी कृष्णा कुमार श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजस्व कर्मचारी ने भूमि परिमार्जन पोर्टल पर दर्ज तीन अलग-अलग आवेदनों में नियमों के विपरीत गलत जांच रिपोर्ट तैयार कर उसके अनुमोदन की अनुशंसा की। आरोप है कि करोड़ों रुपये मूल्य की चीनी मिल की भूमि के रिकॉर्ड में बदलाव कराने के लिए सरकारी नियमों की अनदेखी करते हुए संदिग्ध मंशा से कार्रवाई की गई।

प्रशासन का कहना है कि संबंधित कर्मचारी का यह कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 3(1) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध 15 दिनों के भीतर विस्तृत विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार, कर्तव्यहीनता और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अंचल कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश माना जा रहा है।