दरभंगा में 28 जून को सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा, 24 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा
दरभंगा में 28 जून को सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा, 24 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा
दरभंगा में 28 जून को सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा, 24 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 933 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 28 जून (रविवार) को जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी। इसे लेकर शनिवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर ने केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कार्यपालक सहायकों को विस्तृत ब्रीफिंग दी।
ब्रीफिंग के दौरान अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा से एक दिन पहले ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें तथा परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं कर्मियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से भलीभांति अवगत कराएं।
परीक्षार्थियों को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर सभी पदाधिकारी एवं परीक्षा कार्य में लगे कर्मियों को सुबह 8 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस, वीओआईपी हॉटलाइन, प्रवेश के समय फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट, परीक्षा के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। वहीं प्रवेश द्वार पर स्टैटिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल द्वारा सभी परीक्षार्थियों की सघन फ्रिस्किंग कराई जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैध प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, लिखित सामग्री अथवा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर आने पर संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित करते हुए उसके विरुद्ध कदाचार के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।