बिरौल के रोहार स्थित कबीर सत् धर्म आश्रम में धूमधाम से मनाया गया सदगुरु कबीर प्रकट दिवस

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल दरभंगा।

प्रखंड क्षेत्र के रोहार गांव स्थित कबीर सत् धर्म आश्रम में शुक्रवार को सदगुरु कबीर प्रकट दिवस अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण किया गया, जिससे पूरा आश्रम परिसर कबीर साहेब की जय-जयकार से गुंजायमान हो उठा।
प्रकट दिवस के धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी 5 जुलाई को पटना के गांधी मैदान स्थित आईएमए हॉल में आयोजित होने वाली ‘धर्म संसद’की सफलता सुनिश्चित करना था। सत्संग के दौरान मौजूद संत महात्माओं और पदाधिकारियों ने धर्म संसद को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की। जिसमें
बिरौल क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं और अनुयायियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना।
पटना जाने वाले लोगों के लिए सुगम यात्रा, भोजन और ठहरने की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। धर्म संसद के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
इस गरिमामयी बैठक में कबीर सत् धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से संत शंभू साहेब जी (संस्थापक प्रमुख),महात्मा महेश साहब जी (राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष),महात्मा रामस्वरूप साहब जी एवं रामचंद्र साहब जी (उपाध्यक्ष),संत बद्री साहब जी (महासचिव),संत अमित कुमार जी(निदेशक), सत्यनारायण साहब मौजूद थे।
साथ ही, कबीर आश्रम अटहर से पधारे रामसेवक साहब, राम साहब, संत कारी साहब समेत क्षेत्र भर से आए सैकड़ों संत-महात्माओं और अनुयायियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक स्वर में सदगुरु कबीर के विचारों के प्रसार और आगामी धर्म संसद को ऐतिहासिक रूप देने का संकल्प लिया।