मुहर्रम की सुरक्षा पर जिला प्रशासन अलर्ट: 515 संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी, ड्रोन और CCTV से हो रही मॉनिटरिंग

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से दरभंगा टावर, नाका नंबर-5, कोतवाली थाना, लहेरियासराय टावर, कादिराबाद सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों, यातायात व्यवस्था तथा प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। प्रशासन के अनुसार जिले में 515 से अधिक संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने तैनाती स्थल पर मौजूद रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं, जबकि जिला नियंत्रण कक्ष सभी स्थानों से लगातार संपर्क बनाए हुए है।

जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिए चार स्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की है। जुलूस मार्ग और प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरों, ड्रोन तथा सिविल ड्रेस में तैनात पुलिसकर्मियों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी असामाजिक तत्व या अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि मुहर्रम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है तथा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि जुलूस मार्ग सहित सभी महत्वपूर्ण स्थलों की लगातार निगरानी की जा रही है और सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, युवाओं एवं शांति समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।