नशा मुक्ति का संदेश देने सड़कों पर उतरा प्रशासन, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से किया जागरूक
नशा मुक्ति का संदेश देने सड़कों पर उतरा प्रशासन, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से किया जागरूक
नशा मुक्ति का संदेश देने सड़कों पर उतरा प्रशासन, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से किया जागरूक
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को पूरे जिले में जागरूकता अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने दरभंगा रेलवे स्टेशन, लहेरियासराय टावर तथा लालबाग बालिका उच्च विद्यालय में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कलाकारों ने गीत, संगीत, नृत्य और नाटक के जरिए संदेश दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज के विनाश का कारण बनता है।
कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद और उत्पाद अधीक्षक प्रदीप कुमार ने लोगों को मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उपनिदेशक जनसंपर्क ने कहा कि नशीले पदार्थों का क्रय-विक्रय, निर्माण और परिवहन कानूनन दंडनीय अपराध है, जिसके लिए कठोर कारावास और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और उन्हें नशे से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और खुशहाल परिवार के लिए नशामुक्त समाज आवश्यक है।
अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उच्च माध्यमिक विद्यालय कबीरचक में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में सोनाली कुमारी ने प्रथम, रोहिणी कुमारी ने द्वितीय और अर्चना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में मीनाक्षी कुमारी प्रथम, ज्योति कुमारी द्वितीय तथा हर्ष कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
उत्पाद अधीक्षक प्रदीप कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति को सामाजिक और आर्थिक पतन की ओर ले जाता है तथा परिवार और समाज की प्रगति को बाधित करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं सहित आम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए लगातार विभिन्न माध्यमों से अभियान चला रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।