बिरौल में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ मुहर्रम का पहला दिन, निशान-खाली चौकी मिलन’ जुलूस में दिखा प्रशासन और समुदाय का समन्वय,

दस्तक 7 मिडिया,उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

अनुमंडल मुख्यालय के बिरौल में मुहर्रम पर्व के पहले दिन मुस्लिम समुदाय द्वारा ‘ खाली चौकी के साथ निशान मिलन’ जुलूस का आयोजन पूरी गरिमा और शांतिपूर्ण तरीके से किया गया। अनुमंडल प्रशासन की कड़ी निगरानी और देखरेख में निकले इस जुलूस में प्रशासनिक नियमों का पूर्णतःपालन किया गया।


जुलूस की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि मुहर्रम कमेटी ने प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया। सुपौल शैखपुरा स्थित गाछी टोला से ‘खाली चौकी’ के साथ शुरू हुए इस निशान मिलन कार्यक्रम में बिचला टोला, खेबा अफजला, जलिया रोड और जिरात गांव के अखाड़ों ने भी सहभागिता की। जुलूस के दौरान श्रद्धालु “नारा-ए-तकबीर, अल्लाह-हु-अकबर” और “नारा-ए-इस्लाम जिंदाबाद” के नारों से पूरे माहौल को गुंजायमान करते रहे।


जुलूस निर्धारित विभिन्न मार्गों से होता हुआ मदरसा रहमानिया के निकट से गुजरा और करबला तक पहुँचा। करबला पहुंचने के बाद विभिन्न अखाड़ों के बीच चौकी और निशान का मिलान किया गया। इस दौरान परंपरागत लाठी खेल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आईं। अंततः, पुराना थाना चौक पहुंचकर जुलूस को कल के लिए स्थगित कर दिया गया। और शांति पुर्ण अपने गंतव्य स्थान पर जाने का निर्देश दिए गए।
शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी स्वयं पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे थे। उनके साथ बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ आदित्य शंकर और पर्यवेक्षी पुलिस पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन, थानाध्यक्ष चन्द्र मणि सुरक्षा व्यवस्था का मोर्चा संभाला। इस अवसर पर अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और पीएसआई की पूरी टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, शांति समिति के सदस्यों में मो. काशिफ (मुखिया), कमरे आलम, मो. चांद, मो. तनवीर, नगर पंचायत के वार्ड पार्षद मो. नौशाद, मो. नैयाज, मो. आरजू, मो.दाउद, विष्णु सहनी, चौधरी सहनी और रामबाबू महथा समेत कई गणमान्य लोगों ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुलूस को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।