मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने शहर में किया संयुक्त फ्लैग मार्च

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। गुरुवार को जिलाधिकारी दरभंगा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दरभंगा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस ने लोगों से यह भी आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस प्रशासन को दें।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और जिला प्रशासन तथा पुलिस बल पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।